दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र में लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि आवेदक ने बीमा या मुआवजा राशि पाने के उद्देश्य से पूरी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

जानकारी के अनुसार बीते 5 फरवरी को ग्राम कुगड़ा निवासी नितेश देवांगन ने थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ज्वेलरी खरीदकर लौटते समय कुगड़ा रोड स्थित सार्थक होम के पास तीन अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार अड़ाकर उससे सोने के जेवर और नगदी लूट ली।सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस और एसीसीयू टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, लेकिन कथित आरोपियों का कोई फुटेज नहीं मिला। मामले में संदेह होने पर प्रार्थी से सख्ती से पूछताछ की गई।

पूछताछ में नितेश देवांगन ने स्वीकार किया कि व्यापार में नुकसान होने के कारण उसने बीमा या मुआवजा राशि प्राप्त करने के लिए झूठी लूट की कहानी गढ़ी थी। कथित रूप से लूटी गई ज्वेलरी उसकी अपनी दुकान में ही रखी हुई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 ग्राम वजनी सोने की ज्वेलरी, जिसमें 7 जोड़ी टाप्स और 5 जोड़ी बाली शामिल हैं, जब्त की है। लोक सेवक को जानबूझकर झूठी सूचना देने के मामले में आरोपी के खिलाफ वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *