रायपुर। जेसीबी, चेन माउंटेन और हाईवा जैसी भारी मशीनरी वाहनों को आसानी से ऑपरेट कर अपने कौशल और साहस का परिचय देती हैं जेसीबी दीदी। अब वह अपने इसी हुनर को और निखारने के लिए मलेशिया और जापान जाएंगी।
देश-विदेश में किया कला का प्रदर्शन
राजनांदगांव के ग्राम खैरझिटी की 62 वर्षीय दमयंती सोनी(जेसीबी दीदी)ने बताया कि उन्होंने भारी मशीनरी वाहनों के एक्स-पो में शामिल होकर देश-विदेशों में भी प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि वे बैंगलोर, दिल्ली, ग्रेटर नोएडा, नेपाल, अहमदाबाद के एक्स-पो कार्यक्रम में शामिल हो चुकी हैं। ओड़िसा सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर उनका सम्मान किया है।

सीएम के पहल से मिली 3.76 हजार रुपए की राशि
जेसीबी दीदी दमयंती सोनी को एक्स-पो कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से 3 लाख 76 हजार रुपए की राशि मिली है, जिससे वे दिसम्बर में जापान और अगस्त में मलेशिया के कार्यक्रम में शामिल होकर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

पति की असामयिक मृत्यु ने बनाया मजबूत
दमयंती सोनी ने बताया कि पति की असामयिक मृत्यु ने उन्हें मजबूत बनाया। बच्चों के परवरिश की जिम्मेदारी को देखते हुए उन्होंने जेसीबी चलाना शुरू किया। उन्होंने बताया कि उनके पति किराए से जेसीबी चलाते थे, जिसे वे प्रतिदिन देखती थी और धीरे-धीरे जेसीबी चलाना सीख लिया। पति की मृत्यु के बाद वे 2012 से जेसीबी चलाने लगी और यही उनकी आजीविका का साधन बना।

