भिलाई। जामुन थाना क्षेत्र से एक झकझोरने वाली खबर सामने आई है। नाबालिक प्रेमी ने प्रेमिका के पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग़ आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जामुल पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़के ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम मुड़पार के बाजार चौक में रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह अपने भाई को पोल्ट्री फार्म में छोड़कर वापस घर लौट रहा था। इस दौरान नया बाजार चौक के पास सचिन यादव आया और उससे जबरदस्ती गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। वह डंडे से भी प्रहार करने लगा। इससे नाबालिग के सिर, हाथ, पैर सहित अन्य जगह भी चोंट आई है।
पुलिस ने बताया कि आक्रोशित नाबालिक लड़के ने सचिन यादव से डंडा छीनकर उसके सिर सहित अन्य जगह वार कर दिया। सचिन के बेहोश होकर गिरने के बाद आरोपी नाबालिग़ वहां से चला गया और थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। नाबालिग ने घटना की सही जानकारी पुलिस को नहीं दी थी। इस पर पुलिस ने सचिन यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था।
आज सुबह जब बाजार चौक के पास सचिन यादव के मृत पड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली तो तत्काल वह मौके पर पहुंची और पूछताछ करने के बाद तत्काल नाबालिग को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक की पुत्री का आरोपी नाबालिग के साथ प्रेम प्रसंग था। इससे मृतक काफी समय से नाराज भी चल रहा था। इसी के चलते यह घटना होना बताया जा रहा है।
