रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हिट एंड रन (Accident) का यह मामला रायपुर शहर के तेलीबांधा ब्रिज का है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को रौंद दिया। घटना में कार की चपेट में आई महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद ड्राइवर वहां से गाड़ी सहित फरार हो गया। तेलीबांधा पुलिस के मुताबिक कार की चपेट में आई महिला और युवतियां सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें चपेट में ले लिया।
तेलीबांधा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। फुटेज के माध्यम से पुलिस टक्कर मारकर भागने वाली कार और उसके मालिक की पहचान करने की कोशिश में लगी है। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रिया साहू नाम की महिला की मौत हुई है। वहीं, रिया बंजारे और ललिता साहू घायल हैं, जिनका उपचार जारी है। दोनों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।
