भिलाई। साइबर ठगी के लिए अपने खाता बेचने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपित पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का आदतन सटोरिया है। दोनों के खातों में करीब ढाई लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ था। मोहन नगर पुलिस और साइबर थाना पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेजा है।
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन संचालित समन्वय पोर्टल ने कर्नाटका बैंक दुर्ग के 111 खातों को म्यूल अकाउंट के रूप में चिह्नित किया था। जिसके बाद मोहन नगर पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। खातों की जांच के दौरान पुलिस को एक खाता पद्मनाभपुर के पुराने सटोरिये रोहित बागड़ी उर्फ बिल्लू बागड़ी का मिला। पूछताछ में आरोपित ने कर्नाटका बैंक में अपना खाता खुलवाकर उसे म्यूल अकाउंट के रूप में बेचने की बात स्वीकार की। आरोपित ने अपना खाता जिससे बेचा है, पुलिस उसकी जांच कर रही है। इस मामले में अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा है। 01 म्यूल बैंक खाता धारक को भिलाई दुर्ग से किया गिरफ्तार। इसके अलावा रेंज साइबर थाना पुलिस ने साक्षरता चौक कैंप-1 निवासी रितेश कुमार साहू (24) को गिरफ्तार किया है।
किराए पर दे रखा था खाता
आरोपित ने भारतीय स्टेट बैंक रामनगर शाखा में अपने नाम का खाता खुलवाकर उसे किराये पर दिया था। जिसमें लाखों रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। आरोपित के खाता में चिक्काबालापुरा कर्नाटका से 11 बार में कुल 89 हजार 300 रुपये जमा हुआ था। जो साइबर ठगी से प्राप्त किया गया था। इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा है।
