बरेली (यूपी पीआरओ)। उत्तर-प्रदेश के बरेली की तहसील नवाबगंज के ग्राम अधकटा नजराना में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल आवासीय विद्यालय का लोकपर्ण किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष होने के अवसर पर यह आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल विद्यालय के आवासीय परिसर का निरीक्षण कर सभी कार्य सुचारु रूप से चलाए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर पर रूद्राक्ष के पौधे का रोपण किया। बच्चों को स्कूल बैग एवं चाॅकलेट वितरित किए।
गौरतलब हो कि इस विद्यालय का निर्माण राज्य सरकार द्वारा मुख्य रूप से कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षा के लिए बनाया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल के अंत्योदय के सपने को पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी ने पूरा किया था। अटल आवसीय विद्यालय अटल जी की स्मृतियों को अनंतकाल तक नई संजीविनी देता रहेगा। सितंबर 2023 तक 16 विद्यालयों का निर्माण किया जा चुका है। अटल आवासीय विद्यालय इस क्रम 17 वां विद्यालय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन का प्रतिफल है। इन विद्यालयों में उत्तर -प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जुड़े श्रमिको के बच्चो और कोरोना कालखण्ड में अनाथ तथा निराश्रित हुए बच्चो को एक प्रवेश परीक्षा के माध्यम से एडमिशन दिया गया है। पहले ऐसे बच्चे विद्यालय नहीं जा पाते थे। आज अटल आवासीय विद्यालय के माध्यम से उन बच्चो को शिक्षा का श्रेष्ठ माहौल देने का प्रयास किया गया है। यहां पर उनके रहने और खाने-पीने की व्यवस्थाएं हैं। सीबीएसई बोर्ड के माध्यम से उनकी उत्तम शिक्षा की व्यवस्था की गई है।
पूर्ववर्ती सरकारें करती थीं धनराशि का दुरुपयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर-प्रदेश भवन अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के श्रमिकों के नाम पर हर निर्माण कार्य में सेस लिया जाता है। श्रमिकों के सेस की धनराशि इन विद्यालयों के संचालन में उपयोग की जा रही है। राज्य सरकार ने विद्यालय के लिए भूमि और इन्फ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था की है। पूर्ववर्ती सरकारें इस धनराशि का दुरुपयोग करती थीं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हमारी सरकार ने इस धनराशि के दुरुपयोग को बन्द करते हुए, इसका उपयोग पंजीकृत 2 श्रमिकों के बच्चों के कल्याण के लिए किए जाने की व्यवस्था की है। आज इसी रूप में अटल आवासीय विद्यालय की संकल्पना साकार हो रही है|
अटल विद्यालय करेंगे निर्णायक भूमिका का निर्वहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय शिक्षा का एक माॅडल होगा। यहां के स्टाॅफ को प्रशिक्षित किया गया है।
प्रतिवर्ष उनके लिए ओरिएंटेशन कोर्स संचालित होते हैं। समय के अनुसार, पाठ्यक्रम में बदलाव किया जाता है, जिससे बच्चे आसानी से सीख सकें। अटल आवासीय विद्यालय में कई इंटीग्रेटेड कैम्पस में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के रहने, उनके उत्तम खान-पान, लाइब्रेरी और खेलकूद की उत्तम व्यवस्था की गई है। यहां स्किल डेवलपमेंट के भी अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ होंगे, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई के दौरान ही यह तय हो जाएगा कि वह आगे जाकर किस फील्ड में पारंगत बनकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगे। राष्ट्र निर्माण के वर्तमान अभियान के साथ-साथ राष्ट्र भक्तों की एक मजबूत नींव प्रदान करने में अटल आवासीय विद्यालय एक निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेंगे।
गौ संरक्षित केन्द्र का निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम के उपरान्त अटल आवासीय विद्यालय के निकट स्थित वृहद गौ संरक्षित केन्द्र का निरीक्षण किया और गायों को गुड़ व चारा खिलाया। इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, पशुधन दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री अरूण कुमार सक्सेना, सहकारिता राज्य मंत्री जेपी राठौर, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित थे।
