भिलाई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे आपरेशन सुरक्षा के 10 दिन पूरे हो चुके हैं। इन 10 दिनों में यातायात पुलिस ने विभिन्न तरह से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1235 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। सभी से नियमानुसार जुर्माना वसूल किया गया है और उन्हें यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने की समझाइश दी गई है।

आपरेशन सुरक्षा के तहत यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाते मिले 91 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर से सभी वाहन चालकों की जांच की और शराब के नशे में वाहन चलाते मिले लोगों के वाहनों को जब्त किया। सभी के प्रकरण तैयार न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सभी वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों को निलंबित करने के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजा है। वहीं बिना हेलमेट के दो पहिया चलाते मिले एक हजार 81 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और सभी वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के लिए कहा गया।

पुलिस ने माल वाहक में सवारी ढोते मिले 41 वाहन चालकों का भी चालान काटा। उन्हें समझाइश दी कि मालवाहकों में सवारी ढोने से किस तरह से आम लोगों की जान को खतरा हो सकता है। 10 दिन में 22 भारी वाहनों को नो एंट्री में प्रवेश करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करें। खासकर शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की। ताकि वे खुद और दूसरों को दुर्घटना का शिकार होने से बचा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *