भिलाई # सीजी। लक्ष्मी मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास विवाद के बाद 2 आरोपियों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में घायल युवक के सिर, गर्दन, पेट, पीठ एवं कमर में चोट आई है। पीड़ित का उपचार वर्तमान में रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में जारी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना सुपेला पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी कर कृष्णा नगर क्षेत्र में घेराबंदी करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
सुपेला पुलिस ने बताया कि 22 जुलाई को प्रार्थिया अर्चना नेवारे, निवासी आदर्श पारा सुपेला द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके पुत्र हिमांशु के साथ लक्ष्मी मार्केट सुपेला स्थित शिव मंदिर के पास दो व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर धारदार हथियार से हमला किया गया है। हिमांशु रात्रि लगभग 10 बजे शिव मंदिर के पास बैठा था, तभी मोहल्ले के योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु एवं मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ वहां पहुंचे। हिमांशु को पहले शराब एवं बाद में समोसा तथा पानी लाने को कहा गया। लगभग 11:15 बजे वापस आने के बाद शराब पीने के दौरान समोसा ठंडा होने की बात को लेकर विवाद हुआ।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा पहले मारपीट की गई तथा इसके बाद धारदार हथियार से हिमांशु पर लगातार वार किए गए।हमले में हिमांशु के सिर, गर्दन, पेट, पीठ एवं कमर में चोटें आईं। डायल-112 की सहायता से उसे शासकीय अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां से उपचार हेतु जिला अस्पताल दुर्ग एवं बाद में रायपुर स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की रिपोर्ट प्राप्त होते ही थाना सुपेला पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तत्काल पतासाजी प्रारंभ की गई। पतासाजी के दौरान आरोपियों के कृष्णा नगर क्षेत्र में होने की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। विधिवत गिरफ्तारी के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
- आरोपी का नाम
- 1. योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु, उम्र 22 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, लोहार पारा, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
- 2. मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ, उम्र 25 वर्ष, निवासी भीम नगर, देवांगन मोहल्ला, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
