भिलाई # सीजी। भिलाई-3 थाना क्षेत्र के डबरा पारा दक्षिण में गुरुवार देर रात रास्ते से पिकअप वाहन हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। गली में खड़ी एक पिकअप वाहन को हटाने की बात पर दो परिवार आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई, फिर धक्का-मुक्की और देखते ही देखते लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड चलने लगी। इस हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक भाई की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और वह कोमा में है, जबकि दूसरे का अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश और घटना के पीछे की पूरी पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच हुई। कोहका निवासी तेज प्रकाश साहू अपनी पत्नी शैलजा साहू के साथ कार से अपने छोटे भाई नीलेश साहू और उसकी पत्नी को उनके डबरा पारा स्थित घर छोड़ने पहुंचे थे। लगातार बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ था। इसी बीच गली में सोहन वर्मा की पिकअप वाहन इस तरह खड़ी थी कि रास्ता लगभग पूरी तरह बंद हो गया था।बताया जाता है कि वाहन के कारण कार आगे नहीं बढ़ पा रही थी और पानी भरे होने से नीलेश व उसकी पत्नी को घर तक पहुंचने में भी परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर तेज प्रकाश और नीलेश ने वाहन हटाने की बात कही। आरोप है कि इस पर सोहन वर्मा और उसका भाई मोहन वर्मा नाराज हो गए और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पहले से भी विवाद और मनमुटाव चला आ रहा था। वाहन हटाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने पुराने विवाद को फिर हवा दे दी। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले धक्का-मुक्की हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलने लगी। गली में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हमले के दौरान नीलेश साहू के सिर पर लोहे की रॉड से गंभीर वार किया गया, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए आईसीयू में भर्ती किया। बाद में वह कोमा में चला गया।हमले में बड़े भाई तेज प्रकाश साहू भी गंभीर रूप से घायल हुए। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनका भी अस्पताल के आईसीयू में इलाज जारी है। डॉक्टर दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। घायल दोनों भाइयों को तत्काल श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोहन वर्मा, उसके भाई मोहन वर्मा, उनके पिता रामगोपाल वर्मा और भांजे राजा को हिरासत में ले लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है।
