भिलाई # सीजी। सुपेला थाना पुलिस ने आर्य नगर कोहका के एक पुराने विवाद में युवक की हत्या के मामले में फरार आरोपी को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र के आर्य नगर, कोहका पानी टंकी के पास पुराने विवाद को लेकर आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई (23 वर्ष) ने कुमार सोनवानी (27 वर्ष) पर गाड़ी का पहिया खोलने वाले पाना-पेचिस से सिर पर हमला कर दिया था। घायल कुमार सोनवानी हाउसिंग बोर्ड कोहका का निवासी था और मूल रूप से महासमुंद जिले के बागबाहरा का रहने वाला था।

घटना के बाद सुपेला थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1056/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। इस दौरान आरोपी फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।इलाज के दौरान 29 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे कुमार सोनवानी की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 103 (हत्या) जोड़ दी। पुलिस ने फरार आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई को जबलपुर से अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *