भिलाई # सीजी। शराब पीने के लिए पैसे की मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी ने प्रार्थी के साथ मारपीट कर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे प्रार्थी को विभिन्न स्थानों पर चोटें आईं। जेवरा सिरसा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारदार बटनदार हथियार की भी जब्ती बनाई है।
जेवरा पुलिस के अनुसार 21 जुलाई की शाम 06:10 बजे प्रार्थी परमेश्वर ढीमर अपने साथियों के साथ ग्राम जेवरा स्थित तालाब किनारे बैठा था। इसी दौरान ग्राम जेवरा निवासी आरोपी दुलेश्वर टंडन उर्फ दुलरवा वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार बटनदार हथियार से प्रार्थी पर हमला कर उसके बाएं जांघ के पीछे, सीने तथा बाएं हाथ की उंगली में चोट पहुंचाई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 666/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग धारदार बटनदार हथियार जप्त किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
