दुर्ग # सीजी। पुलगांव थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के अनुसार, मृतका भगवंतीन साहू 16 जुलाई को मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सिटी कोतवाली दुर्ग में दर्ज कराई थी। इसी बीच पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखे शव की पहचान परिजनों ने भगवंतीन साहू के रूप में की।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें मिलने तथा हत्या की पुष्टि होने पर पुलगांव थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हर्ष यादव (19) निवासी पीसेगांव और नितेश ठाकुर (20) निवासी चंदखुरी पर संदेह हुआ।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे शराब के नशे में थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई। आरोपियों ने पैसों का लालच देकर महिला को अपने साथ पुलगांव नाला के पुराने पुल के पास सुनसान जगह ले गए। वहां दोनों ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, पहले गमछे से महिला का गला दबाया गया, इसके बाद बोल्डर पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और साक्ष्य मिटाने के लिए अपने कपड़े बदलकर छिपा दिए।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *