सक्ती # सीजी। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) समेत तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ निखिल कश्यप, सहायक ग्रेड-3 अविनाश ठाकुर और भृत्य लच्छन भानु पर एक हितग्राही का भुगतान जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने एसीबी से शिकायत की थी कि लगभग 12 लाख रुपये का भुगतान संबंधी चेक जारी करने के लिए अधिकारियों द्वारा 2 लाख रुपये कमीशन की मांग की जा रही है।शिकायत मिलने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने मामले की गोपनीय जांच और सत्यापन किया।

प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को आरोपियों के संपर्क में रखा गया और पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी गई। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इसके बाद एसीबी की टीम ने जनपद पंचायत कार्यालय सक्ती में दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसीबी अधिकारियों ने मौके से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है और रिश्वतखोरी का यह सिलसिला कब से चल रहा था। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हितग्राही का भुगतान जारी करने और चेक उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत देने से इनकार करने के बाद उसने एसीबी से संपर्क किया, जिसके बाद पूरी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसीबी मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *