महासमुंद # सीजी। सरायपाली स्थित भारत फाइनेंस इंक्लूजन कंपनी की शाखा में 22.66 लाख रुपये के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे और उनकी तलाश लगातार की जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है।

पुलिस के अनुसार, कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक हेमेन्द्र राजाराम जनबन्धु की शिकायत पर थाना सरायपाली में अपराध दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शाखा में कार्यरत कर्मचारियों ने ग्राहकों से वसूली गई किस्तों की रकम कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय उसका गबन कर लिया।जांच के दौरान सामने आया कि शाखा प्रबंधक और फील्ड स्टाफ ने अलग-अलग समय में ग्राहकों से वसूले गए लाखों रुपये बैंक में जमा नहीं किए। गबन की कुल राशि 22 लाख 66 हजार 645 रुपये पाई गई।

मामले में शुभम पाणीग्राही, दीपक कुमार, रोहन प्रधान और प्रमोद महंत को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने पहले ही शुभम पाणीग्राही को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद लगातार तकनीकी जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर 8 जून को फरार आरोपी रोहन प्रधान और प्रमोद महंत को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ग्राहकों से वसूली गई रकम को कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय आपस में बांटकर उपयोग कर रहे थे। इस वजह से कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ और ग्राहकों के साथ भी धोखाधड़ी हुई। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि गबन की गई राशि कहां और किस उद्देश्य से खर्च की गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *