भिलाई # सीजी। मोहन नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मोबाइल पर आए कथित गूगल अपडेट मैसेज को क्लिक करते ही ठेकेदार का मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से करीब 2 लाख रुपए पार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक शंकर नगर दुर्ग निवासी महेन्द्र कुमार देशलहरा ने थाना मोहन नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महेन्द्र ठेकेदारी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 22 मई को उनके मोबाइल पर गूगल अपडेट से संबंधित एक मैसेज आया था। जैसे ही उन्होंने उस मैसेज को क्लिक किया, मोबाइल हैंग होने लगा और कुछ देर बाद पूरी तरह हैक हो गया।

इसके बाद उनके बंधन बैंक खाते से अलग-अलग समय में रकम निकलनी शुरू हो गई। 22 मई को सुबह 11:30 बजे 94,999 रुपए और 11:31 बजे 5,001 रुपए खाते से कट गए। वहीं 23 मई को शाम करीब 4 बजे फिर 99,500 रुपए निकाल लिए गए। इस तरह कुल 1 लाख 99 हजार 500 रुपए की साइबर ठगी हुई।घटना की शिकायत के बाद मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अनजान लिंक और अपडेट मैसेज पर क्लिक नहीं करने की अपील कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *