भिलाई # सीजी। थाना पुलगांव पुलिस ने खेतों और ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगे ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 225 मीटर कॉपर वायर और अन्य विद्युत सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने 25 मार्च 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर चंदू लोहार, वासु यादव और शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार करते हुए चोरी का कॉपर वायर रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचना बताया। पुलिस ने सहल उद्दीन के कब्जे से करीब 100 मीटर कॉपर वायर बरामद किया। इसी तरह 25 मई 2026 को ग्राम अंजोरा के सरपंच संतोष सारथी ने पंचायत तालाब स्थित ट्यूबवेल से करीब 90 मीटर कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि चोरी किया गया वायर रायपुर मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचा गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से भी करीब 90 मीटर वायर बरामद किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 20 मई 2026 को ग्राम पीछेकर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों से ट्यूबवेल के कॉपर वायर चोरी किए थे। इस मामले में करीब 35 मीटर वायर और बरामद किया गया। लगातार चोरी की घटनाओं में शामिल पाए जाने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317 और संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में चंदू लोहार, वासु यादव, शंकर, रायपुर निवासी सहल उद्दीन और मौदहापारा रायपुर निवासी जय नारायण शामिल हैं।
