भिलाई # सीजी। पुलगांव थाना क्षेत्र में भारती कॉलेज के पास देर रात दो हाईवा वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों चालक वाहन के केबिन में गंभीर रूप से फंस गए। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि 13 मई 2026 की रात करीब 12 बजे की घटना है। थाना पुलगांव को सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक CG 07 BG 6486 और CG 06 HF 6625 आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक अंदर ही फंस गए।मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल जेसीबी मशीन बुलवाई और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों की पहचान विजय कुमार यादव (23 वर्ष), निवासी गोटाटोला बांधाबाजार मोहला मानपुर और वीरेंद्र (34 वर्ष), निवासी झारखंड के रूप में हुई है। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने समय रहते रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण दोनों हाईवा वाहनों की आमने-सामने टक्कर बताया जा रहा है।
