भिलाई # सीजी। रायपुर एम्स में नौकरी लगाने का झांसा देकर 14 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को वैशाली नगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। साइबर तकनीकी सहायता से लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा।

प्रार्थी मुकेश कोसरे, निवासी वृंदा नगर कैम्प-1 भिलाई ने 13 जनवरी 2026 को थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जायसवाल खुद की बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से पहचान होने का दावा करता था। आरोपी ने रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते हुए मोटी रकम की मांग की। प्रार्थी आरोपी की बातों में आ गया और सितंबर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के बीच अपने एसबीआई खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 14 लाख 50 हजार रुपये आरोपी को दे दिए। आरोपी ने रकम लेने के बाद ज्वाइनिंग लेटर देने और नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया, लेकिन समय बीतने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही पैसा वापस किया गया।

शिकायत के अनुसार आरोपी लगातार बहाने बनाकर टालमटोल करता रहा और बाद में अपने निवास स्थान से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर सेल भिलाई की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस टीम गठित कर लखनऊ रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने लखनऊ पहुंचकर आरोपी अभिषेक जयसवाल को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और उसे भिलाई लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 10 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी का उद्देश्य नौकरी लगाने का झांसा देकर आर्थिक लाभ हासिल करना था। आरोपी की पहचान अभिषेक जायसवाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी सेक्टर-6 सड़क-12, मकान नंबर-05, बीएसपी स्कूल के पास, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *