दुर्ग # सीजी। जिले में नशे और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। थाना अण्डा पुलिस ने ग्राम अछोटी में अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 31 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को थाना अण्डा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अछोटी स्थित राजा तालाब के पास एक व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। थाना अण्डा पुलिस ने हमराह स्टाफ और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम पूना राम देशमुख, उम्र 35 वर्ष, निवासी भाठापारा ग्राम अछोटी थाना अण्डा जिला दुर्ग बताया।तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखी 31 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा 180 एमएल का था। कुल मिलाकर 5.58 बल्क लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने जप्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 3 हजार 100 रुपये बताई है। मामले में थाना अण्डा में अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
