भिलाई # सीजी। जामुल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। नंदिनी रोड पर ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार तीन नाबालिग बच्चियां हादसे का शिकार हो गईं। इस घटना में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक 3 मई 2026 को कैलाश नगर भिलाई निवासी प्रार्थी प्रभाष पाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उनकी 17 वर्षीय बेटी अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा से जामुल से एसीसी चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान नंदिनी रोड पर ट्रक क्रमांक CG 07 CA 9607 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी।हादसे में एक नाबालिग बालिका की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी ट्रक चालक राकेश कुमार पाण्डेय (34 वर्ष), निवासी छावनी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त आरोपी शराब के नशे में था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 297/2026 के तहत धारा 105, 110 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
