भिलाई # सीजी। चार धाम यात्रा पर गए भिलाई के सेवानिवृत्त पीडब्ल्यूडी अधिकारी पूनमचंद गुप्ता का इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया। वे अपनी पत्नी अनीता गुप्ता के साथ यात्रा पर गए थे। यमुनोत्री में चढ़ाई के दौरान घोड़े से गिरने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री मार्ग पर घोड़े की काठी अचानक टूट गई, जिससे उनका पैर घोड़े के लोहे के छल्ले में फंस गया। इस हादसे में उनकी कमर के पास की हड्डी टूट गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया, जहां फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।इलाज के दौरान हार्ट सर्जरी की तैयारी के बीच अचानक पल्स कम हो जाने से उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी अनीता गुप्ता ने बताया कि घटना से पहले सुबह दोनों ने साथ में चाय-नाश्ता किया और सामान्य बातचीत भी हुई थी।परिजनों के अनुसार, उनके पुत्र शुभी गुप्ता अमेरिका से भिलाई के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। संभावना है कि 6 मई, बुधवार को भिलाई में अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
पूनमचंद गुप्ता के निधन पर वैश्य समाज में शोक की लहर है। समाज के पदाधिकारियों ने उन्हें मिलनसार और सक्रिय व्यक्तित्व का धनी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। समाज के पूर्व अध्यक्ष शारदा गुप्ता ने कहा कि गुप्ता दंपति हमेशा सामाजिक कार्यों में आगे रहते थे और समाज के लिए उनका योगदान याद रखा जाएगा।
