भिलाई # सीजी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग दुर्ग द्वारा राज्य शासन के निर्देश पर ‘सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम पर 15 दिवसीय जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अभियान के पहले दिन 27 अप्रैल को विभागीय टीम जिले में संचालित 7 अलग-अलग कॉस्मेटिक की दुकानों में पहुंची। जहां क्रय विक्रय की जानकारी लेने के साथ ही यह भी देखा कि कहीं अंग्रेजी दवाओं की बिक्री तो नहीं की जा रही है।
जिला खाद्य एवं औषधि विभाग के सहायक औषधि नियंत्रक संजय सिंह झड़ेकार और औषधि निरीक्षक विष्णु साहू ने बताया कि सोमवार को जलाराम कॉस्मेटिक इंदिरा मार्केट, वर्ल्ड ऑफ ब्यूटी इंदिरा मार्केट दुर्ग, मेसर्स रेडलिप्स कॉस्मेटिक शॉप नेहरू, पूननिया मेकअप स्टोर्स अग्रसेन चौक, प्रकाश जनरल स्टोर्स, हर्षित जनरल एण्ड बैंगल्स स्टोर्स पावर हाउस, के.जी.एन ज्वेलर्स जवाहर मार्केट शामिल है। विष्णु साहू ने बताया कि जांच में किसी भी प्रकार की एलोपैथिक औषधियों का संग्रह करना नहीं पाया गया। क्रय विक्रय रिकार्ड की जांच की गई एवं सख्त निर्देश दिए गए कि उनके द्वारा कास्मेटिक सामानों की खरीदी अधिकृत विक्रेताओं/ ऐजेंसी से ही की जाए।
- 11 मई तक अभियान : बता दें कि राज्य शासन के निर्देश पर 27 अप्रैल से 11 मई तक जांच अभियान चलेगा। प्रत्येक जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है जिसमें औषधि शाखा द्वारा जिले में कॉस्मेटिक एजेंसी थोक एवं खुदरा औषधि विक्रय फर्म, अस्पताल एवं अस्पतालों से जुड़े फार्मेसी में कोल्ड चैन का निरीक्षण निजी एवं शासकीय परिसरों में वैक्सीन संधारण एवं कोल्ड चैन की जांच, क्रय-विक्रय संबंधित दस्तावेजों की जांच, सार्वजनिक स्थलों पर कोटपा अधिनियम के तहत् कार्यवाही पूर्व जागरूकता अभियान एवं निजी एवं शासकीय अस्पतालों की दवाई दुकानों की जांच/निरीक्षण आदि शामिल है।
- खाद्य पदार्थों की भी जांच : खाद्य विभाग द्वारा भी आज अभियान चलाया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित चाट, गुपचुप सेंटर, स्ट्रीट वेंडर्स की जांच, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत् किया गया। संचालकों को साफ स्वच्छ पीने योग्य पानी का उपयोग करने, खाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने, परिसर के आस-पास स्वच्छता रखने निर्देशित किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
