सारंगढ़ # सीजी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और ईओडब्ल्यू की टीम ने खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और संकुल समन्वयक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने एक बीमार शिक्षक से वेतन जारी करने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

गिरफ्तार आरोपियों में बरमकेला के खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े और संकुल समन्वयक संजय चौहान शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के शिक्षक निरंजन बरिहा ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च माह में तबीयत खराब होने के कारण वे समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके थे, जिसके बाद उनका वेतन रोक दिया गया।शिक्षक ने कारण बताओ नोटिस का जवाब भी प्रस्तुत किया, इसके बावजूद वेतन जारी नहीं किया गया।

आरोप है कि जब वेतन निकालने के लिए अधिकारी से संपर्क किया गया, तो 5-5 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई। इस पूरे मामले में संकुल समन्वयक की भी भूमिका सामने आई।शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने 17 अप्रैल को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। योजना के तहत टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपियों ने शिक्षक से 10 हजार रुपए की रिश्वत ली, उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *