खैरागढ़ #सीजी। जिले की पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हरियाणा से मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पुराने सिक्के और नोट के बदले लाखों रुपये देने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था।

पुलिस के अनुसार, मामला थाना छुईखदान क्षेत्र का है। पद्मावतीपुर निवासी नेताराम देवांगन (39) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें WhatsApp और Facebook के माध्यम से पुराने नोट और सिक्कों के बदले बड़ी रकम देने का लालच दिया गया। लालच में आकर उन्होंने 5 रुपये का पुराना नोट भेज दिया।इसके बाद आरोपियों ने उन्हें 37 लाख 94 हजार रुपये दिलाने का झांसा दिया और प्रोसेसिंग फीस, कस्टम चार्ज व अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवा ली। साथ ही डर और दबाव बनाकर नकद भी वसूला गया। इस तरह पीड़ित से कुल 11 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की गई।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D में प्रकरण दर्ज किया। तकनीकी जांच में सामने आया कि गिरोह ने करीब 20 बैंक खातों और 30 से 40 फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल किया।साइबर सेल की मदद से आरोपी का लोकेशन हरियाणा के नूंह जिले में मिला। इसके बाद खैरागढ़ पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिर (19), निवासी ग्राम डूंगेजा, थाना पिंगवा, जिला नूंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को पुराने सिक्कों और नोटों के बदले मोटी रकम देने का झांसा देता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन और कस्टम चार्ज के नाम पर लगातार पैसे ऐंठता था। लोगों को नकली वीडियो दिखाकर नकदी के बंडल का भ्रम पैदा किया जाता था और डिलीवरी व पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर अतिरिक्त रकम भी वसूली जाती थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड और 4 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी को 15 अप्रैल 2026 को हरियाणा से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया और 17 अप्रैल को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *