भिलाई #सीजी। छावनी थाना क्षेत्र में कैरम सेंटर में हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा हत्या के प्रयास तक पहुंच गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को मोह. वसी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अहमद नगर कैम्प-02 स्थित बड़ी मस्जिद के पास अयाज अहमद सिद्धिकी के कैरम सेंटर में बैठा था। इसी दौरान आरोपी ने सिगरेट मांगी, जिस पर विवाद शुरू हो गया।विवाद बढ़ने पर आरोपी शेख इमरान (28 वर्ष), निवासी इमामबाड़ा कसाई मोहल्ला, कैम्प-02 भिलाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज की और प्रार्थी का गला दबाया। साथ ही धारदार वस्तु से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को चिन्हित कर हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त धारदार वस्तु की जब्ती की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *