भिलाई #सीजी। हुडको पानी टंकी के पास गुरुवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब घर के सामने बने दो टीन शेड गैरेजों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गैरेज से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दो दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फायर टीम ने पहले गैरेज का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक कार में आग लगी हुई थी। इसी दौरान वहां रखे दो गैस सिलेंडर मिले, जिनमें से एक सिलेंडर ब्लास्ट हो चुका था।इसके बाद दूसरे गैरेज का दरवाजा तोड़कर अंदर खड़ी दो गाड़ियों में लगी आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।अग्निशमन विभाग के मुताबिक, समय पर कार्रवाई और टीमवर्क के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।मौके पर मौजूद टीम: जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में सहायक फायर प्रभारी प्रवीण बारा, दल प्रभारी घनश्याम यादव, केशव यादव सहित टीम के अन्य सदस्यों ने अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
