रायपुर#CG। CGMSC में 660 करोड़ रुपये के रीएजेंट घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस प्रकरण में जेल में बंद मोक्षित कार्पोरेशन के संचालक शशांक चोपड़ा को प्रवर्तन निदेशालय ने प्रोटेक्शन वारंट पर कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए 19 जनवरी तक पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।

गौरतलब है कि रीएजेंट घोटाले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के साथ-साथ ईडी भी कर रही है। ईडी ने अपने प्रकरण में शशांक चोपड़ा को पहली बार गिरफ्तार किया है। फिलहाल शशांक ईओडब्लू के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। जांच एजेंसियों के अनुसार शशांक चोपड़ा CGMSC घोटाले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। इससे पहले ईडी ने इस अरबों रुपये के घोटाले में पीएमएलए के तहत मामला दर्ज करने के बाद 30 और 31 जुलाई को मोक्षित कार्पोरेशन से जुड़े डायरेक्टर और अधिकारियों के करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

इसके बाद अगस्त माह में ईडी ने शशांक चोपड़ा और उसके रिश्तेदारों की 40 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल-अचल संपत्तियां अटैच की थीं। अब अगस्त की कार्रवाई के बाद ईडी ने एक बार फिर नए सिरे से पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड लिया है। सूत्रों के मुताबिक इस पूछताछ में घोटाले से जुड़े पैसों की लेन-देन, कंपनियों के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर अहम खुलासे हो सकते हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ईडी इस घोटाले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *