भिलाई। प्रदेश में अगले 3 से 4 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव अब चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 28 अक्टूबर को बस्तर के जिलों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा 5 शामिल है। वहीं कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद में ऑरेंज अलर्ट है।रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, महासमुंद, बालोद, राजनांदगांव, खैरागढ़- छुईखदान-गंडई में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है।रविवार को भी बस्तर में कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। राजधानी रायपुर में भी बूंदाबादी हुई। आसमान में हल्के बादल भी छाए रहे। रायपुर के माना में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.6°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया।
