नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में चुनाव आयोग पर फिर से गंभीर आरोप लगाए।
.उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरों को बचाने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा के आंकड़ों के माध्यम से कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस समर्थकों के वोट हटाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग को इसे रोकना चाहिए और कर्नाटक सीआईडी द्वारा मतदाता सूची से नाम हटाने की जांच में मांगी गई जानकारी एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करानी चाहिए|
उन्होंने कहा कि यह खुलासा अभी उनका हाइड्रोजन बम नहीं है जिसका उन्होंने वादा किया था। गांधी ने 2023 में कर्नाटक के अलंद निर्वाचन क्षेत्र से वोट मिटाने, महाराष्ट्र के राजुरा निर्वाचन क्षेत्र के प्रकरण प्रस्तुत किए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वचालित सॉफ्वेयर द्वारा धोखाधड़ी कर फर्जी मतदाताओं को जोड़ा गया था।
आलंद विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘आलंद कर्नाटक का एक निर्वाचन क्षेत्र है. किसी ने 6,018 वोट हटाने की कोशिश की, हमें नहीं पता कि 2023 के चुनाव में आलंद में कुल कितने वोट हटाए गए. यह संख्या 6,018 से कहीं ज्यादा होने की संभावना है|’
राहुल गांधी ने कहा, ‘ मैं ज्ञानेश कुमार के बारे में एक गंभीर दावा करने जा रहा हूँ। मुख्य चुनाव आयुक्त वोट चोरों और भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने वाले लोगों को बचा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कोई व्यक्ति पूरे भारत में लाखों मतदाताओं के नाम मिटाने की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से अंजाम दे रहा है। मैं विपक्ष का नेता हूँ और मैं ऐसा कुछ नहीं कहूँगा जिसके 100 प्रतिशत प्रमाण न हों।’
उन्होंने दावा किया कि 6,018 आवेदन फर्जी मतदाता बनकर दाखिल किए गए और यह आवेदन कर्नाटक के बाहर के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके स्वचालित रूप से दाखिल किया गया।
राहुल गांधी ने कहा कि सीआईडी ने 18 महीनों में चुनाव आयोग को 18 पत्र भेजे हैं और कुछ बहुत ही साधारण तथ्य मांगे हैं, जैसे कि वह डेस्टिनेशन आईपी पता जहाँ से ये आवेदन भरे गए थे और ओटीपी ट्रेल्स. गांधी ने दावा किया कि वे इसे इसलिए नहीं दे रहे हैं, क्योंकि इससे हमें पता चल जाएगा कि यह ऑपरेशन कहाँ चल रहा है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर ऐसा करने वालों को बचाने का आरोप लगाया।

