भिलाई। मंगलवार की रात को गंजपारा दुर्ग में एक युवक को चाकू घोंपकर उसकी हत्या करने वाले दो मुख्य आरोपित समेत चार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रक्षाबंधन के दिन हुए विवाद का बदला लेने के लिए दोनों मुख्य आरोपितों ने युवक को चाकू मारा था। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस ने बताया कि कब्रिस्तान के पीछे गंजपारा दुर्ग निवासी शंकर यादव को उसी मोहल्ले में रहने वाले आरोपित मोनू श्रीवास्तव और सोनू श्रीवास्तव ने चाकू मार दिया था। चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए थे। शंकर की बहन गंगा यादव ने अपने परिवार वालों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया था। जहां रात में उसकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद आरोपितों की पतासाजी में जुटी पुलिस ने उन्हें साईं नगर बघेरा दुर्ग निवासी छवि निर्मलकर के घर के गिरफ्तार किया। घटना के बाद दोनों आरोपित मोनू श्रीवास्तव (23) और उसका बड़ा भाई सोनू श्रीवास्तव (26) अपनी बाइक लेकर भाग गए थे। उन्हें छवि निर्मलकर (26) ने अपने घर पर छिपाकर रखा था। आरोपितों ने अपने खून सने कपड़ों को भी वहीं जला दिया था। जिनके अवशेष को पुलिस ने जब्त किया। पूछताछ में आरोपित मोनू श्रीवास्तव और सोनू श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक अपचारी बालक ने स्प्रिंग वाली बटन चाकू लाकर दी थी। जिस पर पुलिस ने अपचारी बालक को भी इस मामले में आरोपित बनाया है। अपचारी बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। वहीं बाकि के आरोपितों को जेल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *