न्यूज डेस्क। राजा रघुवंशी हत्याकांड ने सभी का दिमाग घुमाकर रख दिया है। सुबह सुबह मीडिया में जहां राजा रघुवंशी की पत्नी को खोजने और मेघालय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे थे। अब सोनम रघुवंशी के के सरेंडर और पति को सुपारी देकर मरवाने वाले बात ने सभी का दिमाग घुमा कर रख दिया है कि आखिर राजा के साथ हुआ क्या और सोनम ने ऐसा क्यों किया!
शादी को अभी एक महीना भी नहीं हुआ था कि राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई। वो भी 2186 किलोमीटर दूर ले जाकर। राजा ने जिसे अपनी जीवन संगिनी बनाया वहीं उसके जीवन लीला समाप्त करने वाली बन गई। क्या सच में सोनम नेे ऐसा किया है। क्या सोनम का किसी के साथ अफेयर था जिसके चलते उसने ऐसी घटना की साजिश रची! या सोनम के माता-पिता का मेघालय पुलिस पर आरोप सही है कि वह उनकी बेटी को फंसा रहे हैं। यह सभी तो अब पुलिस की आगे की जांच के बाद ही पता चल पाएगा।
सोनम और राजा की शादी 11 मई को हुई थी। सोनम ने मेघालय जाकर हनीमून मनाने का प्लान बनाया था और टिकट करवाया था, लेकिन उसने वहां से वापसी की टिकट बुक नहीं कराए थे। 17 दिन पहले राजा और उसकी बीवी सोनम शिलॉन्ग के जंगलों से गायब हो गए थे। 2 जून को राजा की लाश मिली।

पुलिस की मानें तो राजा की हत्या उसकी बीवी सोनम ने ही करवाई है। सोनम फिलहाल पुलिस गिरफ्त में हैं। वहीं, सोनम के बॉयफ्रेंड और दो सुपारी किलर्स को भी पुलिस ने अरेस्ट किया है।
राजा रघुवंशी की हत्या में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें विक्की ठाकुर, आनंद और राज कुशवाह शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि राज कुशवाह ही इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था, जो लगातार सोनम रघुवंशी के संपर्क में बना हुआ था। वो सोनम का बॉयफ्रेंड है। पुलिस के मुताबिक सोनम का अपने पिता की फैक्ट्री के एक कर्मचारी राज कुशवाहा से प्रेम-प्रसंग था। इसी फैक्ट्री में वह एचआर के पद पर कार्यरत थी। राज कुशवाहा फैक्ट्री में मैनेजर का काम करता था। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर उसे ट्रेस कर पकड़ा है।
राजा पर सबसे पहले हमला आनंद ने किया था। उसके बाद वारदात को अंजाम देने में बाकी दोनों आरोपी शामिल हुए। इस मामले में गाजीपुर पुलिस को इंदौर क्राइम ब्रांच ने जरूरी इनपुट मुहैया कराए, जिसके बाद सोनम रघुवंशी ने नंदगंज थाने में सरेंडर किया।
राज कुशवाह और विक्की ठाकुर इस समय इंदौर पुलिस की हिरासत में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। तीसरे आरोपी आनंद को मध्यप्रदेश के सागर से हिरासत में लिया गया है। पुलिस लगातार कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों की मदद ले रही है। पुलिस के अनुसार, अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि साजिश में और लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
