भिलाई। दुर्ग-भिलाई शहर के बाहरी क्षेत्रों में बने मकान इन दिनों अपराध का गढ़ बनते जा रहे हैं। बाहर के शहरों और गांव से आए युवा इन मकानों को किराए पर लेकर गलत कामों में संलिप्त हो रहे हैं। ऐसे युवाओं के लिए शहर के नए प्रोजेक्ट पर बने फ्लैट्स अपराधिक गतिविधियों का केंद्र बन गए हैं। शहरवासी भी किराए के लोभ में 2 से 4 मकान खरीद कर बिना किसी पुलिस वेरीफिकेशन के इन्हें किराए पर चढ़ा देते हैं। मामला तब उजागर होता है जब आस-पास के लोग शिकायत करते हैं या हत्या या चोरी, नशाखोरी, सैक्स रैकेट जैसी वारदातें यहां हो जाती हैं।
कुछ ऐसा ही प्रकरण स्मृति नगर के जुनवानी में स्थित एक रेलवे कर्मचारी कमल किशोर के फ्लैट का सामने आया है जो चैहान ग्रीन वैली जैसी पाॅश काॅलोनी में सिर्फ 500 रुपए के लिए अपना घर किराए पर देता था। युवक-युवती एक दिन के लिए किराए पर घर लेकर यहां गलत कार्यों में संलिप्त रहते थे। इस फ्लैट से 100 नग पुराने मोबाइल, सिम, कांडोम जैसी चीजें बरामद हुई हैं जो सैक्स रैकेट की ओर इशारा करती हैं। इसके साथ ही इस कर्मचारी के मकान से रेल हादसों की कटिंग भी बरामद हुई है। इन कटिंग से पुलिस को रेलवे कर्मचारी की गतिविधियों पर भी शक हो रहा है। ऐसे में चैहान वैली में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। लोग कर्मचारी को मानसिक रूप से विक्षिप्त होने की बात भी कह रहे हैं।
फिलहाल पुलिस कर्मचारी और यहां आने वाले लोगों की पूरी जानकारी लेकर जांच कर रही है। कर्मचारी रेल हादसों की कटिंग क्यों काटकर रखता इसके बारे में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

By Pooja Patel

प्रोड्यूसर एंड सब एडिटर डेली हिन्दी मिलाप हैदराबाद, दैनिक भास्कर, नई दुनिया, भास्कर भूमि, राजस्थान पत्रिका में 14 वर्ष का कार्यानुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *