नई दिल्ली। दिल्ली बजट को लेकर आज सीएम रेखा ने कई विकास कार्यों के लिए बजट का पिटारा खोल दिया। एक लाख करोड़ रूपयों के इस बजट में दिल्ली के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की गई। यमुना नदी की सफाई को लेकर सीएम ने 500 करोड़ के निधि की घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘मैं बजट पेश कर रही हूं। आज का बजट साधारण नहीं है। दिल्ली की जनता और पूरा देश सदन के माध्यम से बजट सुन रहा है। दिल्ली की नई सरकार ऐतिहासिक जनादेश लेकर यहां आई है। इस सरकार का पहला बजट कैसा होगा, आज यहां पूरा देश देख रहा है। ये बजट पिछले 10 साल से बेहाल हुई दिल्ली को संभालने का पहला कदम है।’


यमुना बस नदी नहीं, बल्कि धरोहर

उन्होने कहा, ‘ दिल्ली की पिछली सरकार ने सीवर ट्रीटमेंट प्लान पर कभी ध्यान नहीं दिया। उस पर कभी खर्च ही नहीं किया। ऐसे में यमुना साफ कैसे होती। हमारी सरकार यमुना की सफाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यमुना बस हमारे लिए नदी नहीं, बल्कि धरोहर है। यमुना सबके लिए जीवन रेखा है। इसके लिए 500 करोड़ की लागत से 40 डिसेंट्रलाइज्ड सीवेज प्लांट बनाए जाएंगे। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, ‘यमुना में गिरने वाले नालों को टैप कर सीवेज को ट्रीट किया जाएगा। 40 नए सीवेज प्लांट बनाए जाएंगे। 40 करोड़ की मॉर्डन मशीने खरीदी जाएंगी। नजफगढ़ ड्रेन के लिए 200 करोड़ रुपये, हरियाणा से दिल्ली आने वाली मुनक नहर को पाइपलाइन में बदलने के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।

नई औद्योगिक नीति
सीएम रेखा ने कहा, ‘दिल्ली में नई औद्योगिक नीति लाई जाएगी। हम नई वेयर हाउस पॉलिसी लेकर आएंगे। औद्योगिक क्षेत्रों के लिए रेग्युलराइजेशन का प्लान तैयार किया जा रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लाया जाएगा। लीज वाली इंडस्ट्रियल प्रॉपर्टी को फ्री होल्ड किया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कें नालियां ठीक की जाएंगी।’

अब नहीं अटकेंगी फाइलें
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड की स्थापना की जाएगी। बोर्ड कारोबारियों की दिक्कतों का समाधान करेगा। दिल्ली में ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट किया जाएगा। कोशिश की जाएगी कि ये समिट हर 2 साल में हो। छोटे उद्योगों के कौशल संवर्धन के लिए नई योजना के लिए 50 करोड़ का बजट रखा है। फाइलों में योजनाएं नहीं अटकेंगी। उद्योग फलेंगी और फूलेंगी।’


जीपीएस सिस्टम से रोकेंगे पानी की चोरी
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने देश की राजधानी में पानी और सीवेज के लिए 9 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, ‘दिल्ली में गर्मियों में लोग पानी को तरसते रहते हैं। अभी तक दिल्ली वाले टैंकर घोटाले का नाम सुन रहे थे। उनकी सरकार टैंकर घोटाले को खत्म करने के लिए वॉटर टैंकर में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा।यह सिस्टम ऐंड्रायड ऐप से जुड़ा होगा। सभी टैंकरों में जीपीएस होगा और सभी आरडब्लूए उसकी मॉनिटरिंग कर सकेंगे। इसके लिए दिल्ली में एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।’


50 हजार सीसीटीवी कैमरे
महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये बजट में आवंटित किए गए हैं| बजट में मातृ वंदना योजना के लिए 210 करोड़ रुपये आवंटित किए गए है| दिल्ली में 50 हजार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे| दिल्ली के लोगों के लिए 10 लाख रुपये के बीमा की घोषणा| NCR क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास हेतु 1000 करोड़ रुपये, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना लागू करेगी, पीएम जन आरोग्य योजना के लिए 2, 144 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं|

By Pooja Patel

प्रोड्यूसर एंड सब एडिटर डेली हिन्दी मिलाप हैदराबाद, दैनिक भास्कर, नई दुनिया, भास्कर भूमि, राजस्थान पत्रिका में 14 वर्ष का कार्यानुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *