केरल (एजेंसी)। जंगली जानवरों के आतंक से परेशान केरल के कोझिकोड जिले में चक्किटपारा ग्राम पंचायत ने जंगली जानवरों को गोली मारने का फैसला किया है। ग्राम पंचायत ने निर्णय लिया है कि यदि जानवर ग्रामीण सीमा के अंदर प्रवेश करते हैं तो इन्हें देखते ही गोली मार दी जाए। इस फैसले को लेकर पंचायत को कोई पछतावा नहीं है। पंचायत केंद्र के नियमों का उल्लघन करने पर पंचायत पर होने वाली कार्यवाही के लिए भी तैयार है।
दरअसल पिछले कई सालों से ग्रामीण जंगली जानवरों के गांव में घुसने से परेशान है। इस बढ़ते खतरों को देखते हुए ग्राम पंचायत ने बाघ, हाथी, जंगली सूअर और अन्य जानवरों को गोली मारने का फैसला किया है। पंचायत जानवरों को मारने के लिए 20 शूटरों का एक पैनल नियुक्त करेगी। पंचायत के इस फैसले का विपक्षी सदस्यों ने भी समर्थन किया है।
ग्राम पंचायत अध्यक्ष के सुनील ने का कहना है कि, पंचायत क्षेत्राधिकार में लोगों के जीवन और संपत्ति पर जंगली जानवरों के हमलों के कारण यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि, जंगली जानवरों को मारने का फैसला पूरी तरह से मौजूदा केंद्रीय नियमों और कानूनों के खिलाफ है। अब परिणाम जो भी हो, ग्राम पंचायत सामना करने के लिए तैयार है।
खतरा नियंत्रण से बाहर
कोझिकोड जिले में चक्किटपारा ग्राम पंचायत के आसपास घना जंगल है| ग्राम पंचायत में कुल 10 वार्ड हैं| इस मुद्दे को पंचायत में उठाया गया, तो सीपीएम के नेतृत्व में सभी 15 सदस्यों ने सर्वसम्मति से जानवरों पर गोली चलाने के निर्णय पर सहमति जताई. स्थानीय प्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है, क्योंकि मानव बस्तियों में बाघ, तेंदुआ, हाथी, जंगली सूअर और जंगली सुअर जैसे जंगली जानवरों का खतरा नियंत्रण से बाहर है।
परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं
वन मंत्री एके शशिधरन ने स्पष्ट किया कि मौजूदा कानून के तहत वन विभाग को केवल उन जंगली सुअरों को मारने की अनुमति है जो लोगों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं. मौजूदा नियमों के अनुसार, किसी अन्य जंगली जानवर को नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता है। राज्य सरकार ने इन नियमों में छूट देने का अनुरोध किया है। मंत्री ने चेतावनी दी कि पंचायत कानूनी रूप से आगे बढ़ सकती है, लेकिन कानून के बाहर कोई भी निर्णय लेने पर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
