बोरिया गेट स्थित एटीएम मशीन तोड़कर रुपये चोरी करने का प्रयास, घटना में प्रयुक्त ट्रक सहित अन्य सामग्री जब्त

भिलाई # सीजी। थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने एटीएम मशीन तोड़कर रुपये चोरी करने के मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और घटना से संबंधित ट्रक की जब्ती बनाई है।

पुलिस के अनुसार 21 अक्टूबर 2026 की रात्रि सेक्टर-04, बोरिया गेट स्थित स्टेट बैंक के एटीएम में अज्ञात व्यक्ति द्वारा रुपये चोरी करने के उद्देश्य से मशीन में तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई गई थी। इस संबंध में प्रार्थी सुबधा कुमार की रिपोर्ट पर 22 अक्टूबर को थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पतासाजी की। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम केशरा राम, उम्र 28 वर्ष, निवासी राजस्थान बताया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक क्रमांक RJ 47 GA 3435 में चूना पाउडर लेकर राजस्थान से भिलाई स्थित बीएसपी आया था। माल खाली करने के बाद कंपनी के अगले आदेश की प्रतीक्षा के दौरान उसके पास रुपये समाप्त हो गए थे।

इसी दौरान उसने बोरिया गेट स्थित एटीएम से रुपये चोरी करने की नीयत से अपने ट्रक में रखे लोहे के रॉड एवं जैक रॉड (सब्बल) से मशीन को तोड़ने का प्रयास किया। रुपये नहीं निकलने तथा लोगों की आवाजाही होने पर वह मौके से हटकर अपने ट्रक में जाकर छिप गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 23 अक्टूबर को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा।

  • आरोपी का नाम : केशरा राम, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम भुनिया लक्षीया कातला, पोस्ट भुनिया, थाना दनउ, जिला बाड़मेर, राजस्थान।
  • जब्त सामग्री : 1. एक मोबाइल फोन।2. ट्रक क्रमांक RJ 47 GA 3435।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *