दुर्ग # सीजी। महमरा अनिकेत के पास मछली पकड़ने गए मछुआरों से गांजा मांगने की बात पर विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला कर मोबाइल फोन और नगदी लूटने के मामले में पुलगांव पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुपेला निवासी सोहेल निषाद (19) और साहिल खान (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार, मोटरसाइकिल और प्लास्टिक का पिस्टलनुमा खिलौना बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 17 सितंबर 2026 की रात की है। प्रार्थी और अन्य मछुआरे महमरा अनिकेत के पास मछली पकड़ने गए थे। रात के दौरान मछुआरों और आरोपियों के बीच गांजा मांगने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने प्रार्थी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसके पास रखे मोबाइल फोन व नगदी रकम लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।घटना की शिकायत पर थाना पुलगांव की अंजोरा चौकी में अपराध क्रमांक 824/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान और पतासाजी के लिए प्रयास किए। इसके बाद 16 अक्टूबर को सोहेल निषाद और साहिल खान को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 0527 और प्लास्टिक का पटाखा फोड़ने वाला पिस्टलनुमा खिलौना जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *