भिलाई # सीजी। डाटा एंट्री का काम दिलाने, करम्पत डाटा रिकवर करने और पेमेंट रिलीज कराने के नाम पर भिलाई के एक व्यक्ति से 39 लाख 33 हजार 560 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के हल्द्वानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर निवासी राजेश कुमार चौरसिया (57) ने 2 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में इंडिया मार्ट के माध्यम से मोबाइल फोन पर संपर्क कर उन्हें नोएडा स्थित ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डाटा एंट्री का काम दिलाने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके बाद कंपनी के साथ एग्रीमेंट कर मेडिकल, स्टील कारोबार, कंस्ट्रक्शन और इंपोर्ट-एक्सपोर्ट से संबंधित डाटा एंट्री का काम शुरू कराया गया। काम के दौरान डाटा करप्ट होने की बात कहकर उसे रिकवर करने के लिए विभिन्न सॉफ्टवेयर टूल्स खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। इस तरह प्रार्थी के आईडीएफसी बैंक खाते से कुल 39,33,560 रुपये प्राप्त कर लिए गए।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना, स्मृतिनगर चौकी में अपराध क्रमांक 935/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाई। इसके आधार पर पुलिस टीम हल्द्वानी, जिला नैनीताल (उत्तराखंड) पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राम निवास (42) और राहुल बिष्ट (23) को गिरफ्तार किया गया। राम निवास मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का निवासी है और वर्तमान में हल्द्वानी में रह रहा था। वहीं, राहुल बिष्ट हल्द्वानी का निवासी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। मामले में आरोपियों की भूमिका और धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की विवेचना जारी है।प्रारंभिक शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले डाटा एंट्री का काम दिलाने के नाम पर संपर्क किया। इसके बाद डाटा खराब होने और उसे रिकवर करने की समस्या बताकर सॉफ्टवेयर टूल्स खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। इसी प्रक्रिया में प्रार्थी से लाखों रुपये की राशि प्राप्त की गई। पुलिस मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
- ये हैं आरोपी : 1. राम निवास, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम मजहुवा गंगापुर, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश; वर्तमान पता त्रिमूर्ति मंदिर चौक के पास, कमलुआगांजा, थाना मुखानी, हल्द्वानी, जिला नैनीताल, उत्तराखण्ड। 2. राहुल बिष्ट, उम्र 23 वर्ष, निवासी सर्वोदय कॉलोनी, फेस-03, हिम्मतपुर तल्ला, भगवानपुर, हल्द्वानी, थाना मुखानी, जिला नैनीताल, उत्तराखण्ड।
