रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगाई गई और आरोपियों द्वारा राशि वापस नहीं करने पर प्रार्थी ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई
भिलाई # सीजी। थाना उतई पुलिस ने पुलिस आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अपराध क्रमांक 430/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
उतई पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को प्रार्थी गैंदलाल बंछोर, निवासी शास्त्री चौक, ग्राम सेलूद, थाना उतई, जिला दुर्ग द्वारा थाना उतई में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई। प्रार्थी ने शिकायत में बताया कि आरोपी उमेश दास मानिकपुरी, निवासी ग्राम अतरिया, जिला बेमेतरा द्वारा वर्ष 2023 में उसके पुत्र विकास बंछोर को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का झांसा दिया गया तथा नौकरी लगवाने के नाम पर कुल 12,00,000 रुपये लिए गए। इसके बाद नौकरी नहीं लगाई गई और रकम भी वापस नहीं की गई।
शिकायत की जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर थाना उतई में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। थाना उतई पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर उमेश दास मानिकपुरी एवं राजेश वर्मा दोनों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपियों से संबंधित बैंक खाता एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
विश्वास में लेकर दिया झांसा
आरोपियों द्वारा शासकीय पुलिस विभाग में आरक्षक पद पर भर्ती कराने का झांसा देकर प्रार्थी के पुत्र को नौकरी दिलाने का विश्वास दिलाया गया। इसी विश्वास के आधार पर दोनों आरोपियों द्वारा कुल 12 लाख रुपये प्राप्त किए गए। नौकरी नहीं लगने के बाद रकम वापस नहीं की गई, जिसके संबंध में प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
- आरोपी
- उमेश दास मानिकपुरी, उम्र उल्लेखित नहीं, निवासी ग्राम अतरिया, जिला बेमेतरा, छत्तीसगढ़।
- राजेश वर्मा, उम्र 57 वर्ष, निवासी पत्रकार कॉलोनी, रिंग रोड नंबर 02, नियर हरिभूमि प्रेस, वार्ड नंबर 19, मिनी बस्ती, सिविल लाइन, बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
- जब्त सामग्री
- प्रकरण से संबंधित बैंक खाता।
- 01 मोबाइल फोन।
