रायपुर # सीजी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने PSC से चयनित 56 नए सिविल जज जूनियर डिवीजन की पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही अलग-अलग न्यायिक पदों पर कार्यरत 15 न्यायिक अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग भी की गई है।
नए नियुक्त सिविल जजों को अपने पदस्थापना स्थल पर 29 अगस्त 2026 तक कार्यभार संभालना होगा। दरअसल, PSC ने कुछ महीने पहले सिविल जज भर्ती की चयन सूची जारी की थी। चयनित अभ्यर्थियों को लोअर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर में शामिल कर प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद उन्हें परिवीक्षा अवधि पर नियुक्ति दी गई। अब हाईकोर्ट ने लोअर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर में परिवीक्षा पर नियुक्त इन 56 सिविल जज जूनियर डिवीजन की अलग-अलग जिलों में पदस्थापना कर दी है।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। 56 नए न्यायिक अधिकारियों की पदस्थापना से प्रदेश की अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक कामकाज को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग जिलों में न्यायिक अधिकारियों की संख्या बढ़ने से लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने और अदालतों के कामकाज में सुधार की संभावना है।
हाईकोर्ट ने हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच न्यायिक अधिकारियों का भी तबादला किया है।
- हरीश कुमार अवस्थी, दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज, को रायपुर का प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
- ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर भेजा गया है।
- ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से तृतीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।
- नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जगदलपुर भेजा गया है।
- भूपत सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (FTC), दंतेवाड़ा पदस्थ किया गया है।
रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को SC-ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत रायपुर विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश बनाया गया है। अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (POCSO) की जिम्मेदारी दी गई है।
- सिविल जज सीनियर डिवीजन में भी बदलाव : सिविल जज सीनियर डिवीजन संवर्ग में सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) और प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली बनाया गया है। भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग, नीलेश जगदल्दा को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।
- दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में OSD बनाया गया है।
- जूनियर डिवीजन के 7 जजों का भी तबादला : इसके अलावा सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के 7 न्यायिक अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं। हाईकोर्ट के इन आदेशों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता और पदस्थापना व्यवस्था में बदलाव होगा।
