नकली नोट खपाने वाले गिरोह को पुलिस ने पकड़ा, 12.50 रुपए के जाली नोट जब्त

कवर्धा # सीजी। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बोड़ला, चौकी पोंडी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल टाटा पंच ईवी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जुलाई 2026 से नकली नोट तैयार कर रहे थे। मामले का खुलासा ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत के बाद हुआ।

3.75 लाख की उधारी लौटाने के नाम पर दिए 4.50 लाख के नकली नोट

दिनेश कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उसने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने पैसे लौटाने की बात कही। 9 अगस्त को घुरवा राम ने दिनेश को बताया कि सतीश कुमार के माध्यम से रकम भेजी जा रही है और उसे ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्ठी के पास बुलाया। रात करीब 9 बजे दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ वहां पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके एक साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। रकम की जांच करने पर नोट संदिग्ध लगे। बैग खोलने पर उसमें 500-500 रुपये के कुल 4.50 लाख रुपये के नकली नोट मिले। इसके बाद 10 अगस्त को दिनेश ने चौकी पोंडी में शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में खुला नकली नोट बनाने का नेटवर्क

पुलिस ने सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें खपाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

किराए के कमरे में तैयार किए जा रहे थे नकली नोट

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जुलाई 2026 से नकली नोट तैयार करना शुरू किया था। पुलिस के मुताबिक रामप्रसाद उर्फ रमऊ ने नए बस स्टैंड के पास किराए पर कमरा लिया था। 13 जुलाई को रामप्रसाद और सतीश ने कलर प्रिंटर खरीदा था। इसी प्रिंटर की मदद से किराए के कमरे में नकली नोट तैयार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार रामप्रसाद और घुरवा राम नकली नोट तैयार करते थे, जबकि सतीश और रामप्रसाद इन्हें आगे खपाने का काम करते थे।

किसके पास से क्या मिला

पुलिस के अनुसार सतीश कुमार से 2 लाख रुपये के नकली नोट, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख रुपये के नकली नोट, मोबाइल फोन, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन और टाटा पंच ईवी, जबकि घुरवा राम से 1.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। इसके अलावा प्रार्थी से 4.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने कुल 12.50 लाख रुपये के नकली नोट, एक कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और टाटा पंच ईवी जब्त की है।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने चौकी पोंडी, थाना बोड़ला में धारा 179 और 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। विवेचना के दौरान धारा 178, 180 और 181 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सतीश कुमार (33), निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा; रामप्रसाद उर्फ रमऊ (56), निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा; और घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *