दुर्ग # सीजी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के साईनगर बघेरा में चॉइस सेंटर के विवाद को लेकर सगे भाई ने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में आरोपी देवेन्द्र देवांगन और मृतक कैलाश देवांगन दोनों सगे भाई थे। दोनों मिलकर चॉइस सेंटर का संचालन करते थे। पुराने चॉइस सेंटर के अधिक चलने और हिसाब-किताब को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई जो मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान देवेन्द्र देवांगन ने गुस्से में आकर छोटे भाई कैलाश देवांगन के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की अग्रिम विवेचना की जा रही है।
