भिलाई # सीजी। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वैशाली नगर थाना और मचांदुर चौकी (थाना उतई) पुलिस ने तीन आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध धारदार हथियार बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

  • पहली कार्रवाई, पुलिस के अनुसार बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि रामनगर मुक्तिधाम तालाब के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज रंगारी उर्फ बुचवा (20 वर्ष) निवासी शांति नगर, वैशाली नगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
  • दूसरी कार्रवाई, मचांदुर चौकी पुलिस ने ग्राम बोरीगारका में की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जितेन्द्र कुमार साहू (26 वर्ष) निवासी ग्राम मातरोडीह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने ऑनलाइन माध्यम से दो धारदार हथियार मंगाए थे। इनमें से एक हथियार उसने अपने साथी शैलेन्द्र कुमार निषाद (26 वर्ष) को ₹700 में बेच दिया था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने शैलेन्द्र कुमार निषाद को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दूसरा धारदार हथियार बरामद कर लिया।दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
  • ऑनलाइन मंगाए थे हथियार, पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों में भय और आतंक का माहौल बना रहे थे। एक मामले में ऑनलाइन माध्यम से हथियार खरीदकर दूसरे व्यक्ति को बेचना भी सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने, बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर उनका प्रदर्शन कर लोगों को डराने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *