दंतेवाड़ा # सीजी। प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि एवं मौसम की अनिश्चितताओं से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में कृषि विभाग द्वारा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित कर किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जा रहा है। योजना में पंजीयन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। इसके साथ ही कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से अपील किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपने निकटतम विशेष शिविर में पहुंचकर खरीफ फसलों का बीमा कराएं तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ प्राप्त करें।
विभाग का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में यह योजना किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित होती है। उप संचालक कृषि ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ जिले के किसानों को लगातार मिल रहा है। खरीफ वर्ष 2025 में जिले के 7 हजार से अधिक किसानों को 14 करोड़ रुपये से अधिक की बीमा दावा राशि प्रदान की गई, जिससे किसानों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक राहत मिली और खेती-किसानी को मजबूती मिली। योजना में पंजीयन कराने के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा निकटतम लोक सेवा केंद्र (सीएससी) से संपर्क कर सकते हैं।
पंजीयन के लिए अद्यतन बी-1 एवं खसरा पासबुक की प्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की प्रति (जिसमें खाता संख्या एवं आईएफएससी कोड स्पष्ट हो) तथा बुआई का स्व-घोषित प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। कृषि विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए फसल सुरक्षा को प्राथमिकता दें और 31 जुलाई से पहले प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अपना पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक नुकसान की भरपाई सुनिश्चित हो सके।
