भिलाई # सीजी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत सुपेला पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 30 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर स्थित योगा गार्डन के पास एक युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी सफेद झिल्ली और पॉलीथीन से 2 किलो 30 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। विधिवत तौल के बाद गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुषाल दास उर्फ मोन्टू (21 वर्ष) निवासी शहीद वीर नारायण सिंह नगर, खुर्सीपार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 784/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बिक्री कर रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
