म्यांमार| पूर्वोत्तर म्यांमार में चीनी सीमा के पास हुए एक बेहद शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 45 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 70 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा चीन बॉर्डर से महज तीन किलोमीटर दूर स्थित नामखाम टाउनशिप के एक गांव में हुआ। धमाका इतना भीषण था कि इसकी गूंज दूर तक सुनी गई और आसपास के लगभग 100 घर पूरी तरह जमींदोज या क्षतिग्रस्त हो गए।
शुरुआती जांच के अनुसार, यह विस्फोट एक बहुमंजिला इमारत में रखे अवैध माइनिंग बारूद (जेलिग्नाइट) के कारण हुआ। इस बारूद को पहाड़ी इलाकों में खनन और चट्टानों को तोड़ने के लिए रिहायशी इलाके के बीच छिपाकर रखा गया था। चिलचिलाती गर्मी और अनुचित रखरखाव की वजह से बारूद ने अचानक आग पकड़ ली, जिससे पूरी इमारत मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। मृतकों में कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
यह क्षेत्र वर्तमान में एक स्थानीय विद्रोही गुट के नियंत्रण में है। हादसे के बाद राहत और बचाव टीमों ने मलबे से शवों को बाहर निकाला। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, मृतकों की संख्या में अभी और इजाफा होने की आशंका है।
