बिलासपुर # सीजी। बिलासपुर में अवैध संबंध के शक में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र में एक पति ने अपने बेटे के साथ मिलकर पत्नी के कथित प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मुंगेली निवासी शिव कामले कबीरधाम जिले के सिंगारपुर मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। वह पिछले एक सप्ताह से सकरी के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अपनी पत्नी रीना कामले, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि रीना कामले का करीब दो वर्ष पहले अपनी छोटी बहन की शादी के दौरान लोरमी क्षेत्र के राम्हेपुर निवासी दावेंद्र कुमार बघेल से परिचय हुआ था। बाद में दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए। लगभग एक माह पहले शिव कामले को इसकी जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने पत्नी को दावेंद्र से दूर रहने की चेतावनी दी थी।

पुलिस के मुताबिक, 30 मई की दोपहर दावेंद्र रीना को सिम कार्ड देने घर पहुंचा था। इस दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया और बातचीत के लिए घर बुलाया। घर में दावेंद्र को रीना से दूर रहने की समझाइश दी गई, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया।आरोप है कि गुस्से में आकर शिव कामले और उसके बेटे ने प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल के केबल तार से दावेंद्र का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान रीना कामले घबराकर सीधे सकरी थाना पहुंची और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दावेंद्र की मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *