यूपी। गाजियाबाद में युवक सूर्या चौहान की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद की रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि 28 मई को थाना खोड़ा क्षेत्र में सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने साथियों से मिलने खोड़ा क्षेत्र आने वाला है और वहां से फरार होने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी और सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान वसुंधरा क्षेत्र में बाइक पर सवार असद और उसका एक साथी दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में असद गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में थाना खोड़ा का एक सिपाही भी घायल हुआ है। वहीं, असद का साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

बताया जाता है कि बकरीद वाले दिन कुर्बानी दिखाने के बहाने सूर्या को बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सूर्या चौहान और असद के बीच बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। सूत्रों के मुताबिक, हत्या के दौरान चाकू सूर्या के शरीर में करीब चार इंच तक घुस गया था। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी के पिता नवाब सहित आतिफ और फरहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *