नोएडा / एजेंसी। ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मंगलवार देर रात एलएलबी के छात्र साजन भाटी (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप पड़ोस में रहने वाले मंगेश उर्फ टिल्लू और उसके परिवार पर है।

बताया जा रहा है कि चार दिन पहले नाली के पास कूड़ा जलाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उस समय स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपियों ने रंजिश पाल रखी थी। मंगलवार रात करीब 12:30 बजे साजन एक शादी समारोह से घर लौटा। परिजनों के मुताबिक, आरोपी पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही साजन घर पहुंचा, आरोपियों ने उस पर टिप्पणी की। विरोध करने पर पहले मारपीट की गई और फिर मंगेश उर्फ टिल्लू ने तमंचे से ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। दो गोलियां साजन के पेट में और एक जांघ के ऊपरी हिस्से में लगी। गंभीर हालत में परिजन उसे ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मंगेश, उसके भाई, मां और ताऊ के लड़के के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।इधर, बुधवार सुबह सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू को मोजर बेयर गोलचक्कर के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी। मौके से उसका एक साथी फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल और कार बरामद की है। वहीं, आरोपी के सगे भाई वीर सिंह को भी एमटेक प्रोजेक्ट के सामने बने तिराहे पर तिलपता से गौड़ सिटी जाने वाले रास्ते में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। उसके पैर में भी गोली लगी है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *