सूरजपुर# सीजी। जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में 11वीं की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। छात्रा 95 फीसदी तक झुलसी हुई हालत में सड़क किनारे मिली थी, जिसे इलाज के लिए पहले अंबिकापुर और फिर रायपुर रेफर किया गया, जहां रविवार (5 अप्रैल) को उसने दम तोड़ दिया।मृतका की पहचान ग्राम गोरखनाथपुर निवासी 17 वर्षीय मोनिका सिंह उर्फ मोना के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि उसका पिछले दो साल से रामनगर निवासी भूपेंद्र सिंह के साथ प्रेम संबंध था। परिजनों और पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर किश्त में मोबाइल खरीदा था। छात्रा ने अपने हिस्से का पैसा नहीं चुकाया, जिस पर युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। घटना से एक दिन पहले छात्रा अपने बॉयफ्रेंड के घर गई थी, जहां रात में रुकने के बाद सुबह फिर से मोबाइल को लेकर विवाद हुआ।

बताया जा रहा है कि छात्रा ने गुस्से में खुद को आग लगाने की धमकी दी थी। उसने पास की दुकान से पेट्रोल भी खरीदा था, हालांकि युवक का कहना है कि उसने पेट्रोल उससे लेकर अपनी बाइक में डाल लिया था और छात्रा को आईटीआई कॉलोनी के पास छोड़ दिया था। इसके कुछ देर बाद ही छात्रा जली हुई हालत में मिली। घटना के बाद उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर मेकाहारा अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले में पुलिस फिलहाल आत्महत्या की आशंका जता रही है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी युवक भूपेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एडिशनल एसपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *