भिलाई # सीजी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त कार्रवाई में करीब 8 करोड़ रुपये मूल्य के अफीम के पौधे जप्त किए गए हैं। इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। भाजपा नेता विनय ताम्रकार को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। प्रेस कांफ्रेंस में कलेक्टर ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए।

जानकारी के अनुसार थाना पुलगांव क्षेत्र के जेवरा–सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में खेत में मक्का और भुट्टे की फसल के बीच बड़ी संख्या में अफीम के पौधे लगे पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL), आबकारी विभाग और राजस्व विभाग को सूचना दी। इसके बाद सभी विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत का निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में अफीम के पौधे पाए गए, जिन्हें जप्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार जप्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है।
राजस्व विभाग की टीम ने भी जमीन के दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि ग्राम झेंझरी स्थित खसरा नंबर 309 की 80 डिसमिल और खसरा नंबर 310 की 9 एकड़ 92 डिसमिल भूमि दर्ज है। कुल मिलाकर लगभग 10 एकड़ 72 डिसमिल जमीन के रिकॉर्ड की जांच की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि अफीम की खेती के लिए बाहर से लोगों को बुलाकर काम कराया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, विकास बिश्नोई और मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया है। विकास बिश्नोई राजस्थान के जोधपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है, जो फिलहाल समोदा में रह रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही जप्त किए गए अफीम के पौधों की जुडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध अफीम खेती के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
